National Sports Day स्वामी विवेकानंद क्रीड़ा एवं योग संस्थान ने जारी की वार्षिक रिपोर्ट, स्पोर्ट्स फेस्टिवल सीजन-4 का कैलेंडर घोषित
Muzaffarpur 29 August : National Sports Day पर मुजफ्फरपुर में वार्षिक रिपोर्ट जारी हुई। स्पोर्ट्स फेस्टिवल सीजन-4 और 2026-27 खेल कैलेंडर की घोषणा की गई।
National Sports Day स्पोर्ट्स फेस्टिवल सीजन-4 का कैलेंडर घोषित
राष्ट्रीय खेल दिवस और हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर स्वामी विवेकानंद क्रीड़ा एवं योग संस्थान, मुजफ्फरपुर ने शनिवार, 29 अगस्त 2026 को अपनी वार्षिक रिपोर्ट 2025-26 जारी की। इसके साथ ही संस्थान ने खेल कैलेंडर 2026-27 की भी घोषणा की। कैलेंडर का प्रमुख आकर्षण मुजफ्फरपुर स्पोर्ट्स फेस्टिवल सीजन-4 है, जिसका आयोजन 17 से 20 दिसंबर 2026 तक लंगट सिंह कॉलेज खेल मैदान में किया जाएगा।

रिपोर्ट का विमोचन संस्थान के अध्यक्ष डॉ. संजय सिन्हा (आईएएस, सेवानिवृत्त) और मुजफ्फरपुर जिला एथलेटिक्स संघ के अध्यक्ष राम प्रमोद राम ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर संस्थान के कोषाध्यक्ष संजीत कुमार तथा प्रशिक्षक चंद्र भूषण कुमार और संतोष कुमार मौजूद रहे। जारी रिपोर्ट में वर्ष 2025-26 के दौरान संस्थान और मुजफ्फरपुर के खिलाड़ियों की उपलब्धियों, प्रतियोगिताओं, प्रशिक्षण गतिविधियों और खेल प्रोत्साहन कार्यक्रमों का विवरण प्रस्तुत किया गया।

17 से 20 दिसंबर तक होगा स्पोर्ट्स फेस्टिवल सीजन-4
संस्थान के अनुसार मुजफ्फरपुर स्पोर्ट्स फेस्टिवल सीजन-4 17 से 20 दिसंबर 2026 तक लंगट सिंह कॉलेज खेल मैदान में आयोजित होगा। पिछले तीन वर्षों में यह आयोजन जिले में स्कूली खेल प्रतिभाओं के लिए एक बड़े मंच के रूप में उभरा है। दिसंबर 2025 में आयोजित सीजन-3 में 102 स्कूलों के 4,000 से अधिक खिलाड़ियों ने आठ खेल विधाओं में हिस्सा लिया था।
सीजन-3 में एथलेटिक्स, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, रस्साकशी, बैडमिंटन, फुटबॉल और टेबल टेनिस सहित आठ खेलों में 70 स्पर्धाओं और 210 पदकों के लिए मुकाबले हुए। कुल भागीदारी में करीब 35 प्रतिशत बालिकाएं थीं। आयोजन का पहली बार लाइव प्रसारण भी किया गया, जिसे तीन लाख से अधिक दर्शकों ने देखा और 16 लाख से अधिक इंप्रेशन दर्ज हुए। सरकारी विद्यालय यूएमएस सकरी 17 स्वर्ण, पांच रजत और 11 कांस्य पदकों के साथ ओवरऑल चैंपियन बना था।

2025-26 में एथलेटिक्स में मुजफ्फरपुर का शानदार प्रदर्शन
वार्षिक रिपोर्ट के अनुसार 91वीं बिहार जूनियर एवं सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप, पटना में मुजफ्फरपुर जिला टीम ने 46 पदक हासिल कर ओवरऑल उपविजेता का स्थान प्राप्त किया। इनमें 10 स्वर्ण, 19 रजत और 17 कांस्य पदक शामिल रहे। पिछले वर्ष की तुलना में प्रदर्शन में 39 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। अंडर-20 और अंडर-23 बालक वर्ग में मुजफ्फरपुर की टीम चैंपियन रही।

रांची में आयोजित 36वीं ईस्ट जोन जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में गौरव कुमार ने 800 मीटर और 4×400 मीटर रिले में रजत पदक हासिल किया। अंकित कुमार ने गोला फेंक और निष्ठा मिश्रा ने चक्का फेंक में कांस्य पदक जीता। वहीं 26वीं जिला अंतर-विद्यालय-सह-ओपन एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 77 स्कूलों के 2,800 से अधिक खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। संस्थान ने 308 अंकों के साथ ओवरऑल चैंपियन का खिताब जीता।

संस्थान की ओर से सरकारी विद्यालयों के बच्चों को 700 से अधिक स्पोर्ट्स किट वितरित किए गए। वहीं चार प्रशिक्षकों को वर्ल्ड एथलेटिक्स लेवल-1 प्रमाणन के लिए 1.40 लाख रुपये की सहायता भी दी गई। 23 मार्च 2026 को आयोजित 16वीं अभिषेक कुंदन मेमोरियल रोड रेस में 53 स्कूलों और विभिन्न इकाइयों के 1,200 से अधिक धावकों ने भाग लिया।
“स्कूली खेलों को मजबूत करना जरूरी”
संस्थान के अध्यक्ष डॉ. संजय सिन्हा ने कहा कि यदि भारत को खेल राष्ट्र बनाना है तो स्कूली खेलों को मजबूत करना आवश्यक है। उनके अनुसार पिछले सीजन ने दिखाया कि स्कूलों में खेल गतिविधियां बढ़ने से समाज की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित होती है और सीजन-4 की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

जिला एथलेटिक्स संघ के अध्यक्ष राम प्रमोद राम ने कहा कि मुजफ्फरपुर बिहार एथलेटिक्स का मजबूत केंद्र बन रहा है। 46 पदकों का रिकॉर्ड और स्कूली स्तर पर हजारों बच्चों की भागीदारी इसकी बड़ी मिसाल है। उन्होंने आगामी सीजन में संस्थान को सहयोग जारी रखने की बात कही।
Science College Sitamarhi में छात्रों ने सुना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वर्चुअल खेलो इंडिया युवा संवाद https://t.co/AA28sZAT6l #sitamarhi @brabu_ac_in pic.twitter.com/2NiqyDbWK6
— RAJESH GOLTOO (@GOLTOO) August 27, 2026
2026-27 का खेल कैलेंडर
स्वामी विवेकानंद क्रीड़ा एवं योग संस्थान के घोषित कैलेंडर के अनुसार आगामी प्रमुख आयोजन इस प्रकार हैं:
- 17–20 दिसंबर 2026: मुजफ्फरपुर स्पोर्ट्स फेस्टिवल सीजन-4
- 12 जनवरी 2027: राष्ट्रीय युवा दिवस एवं संस्थान स्थापना दिवस समारोह
- 31 जनवरी 2027: 17वीं अभिषेक कुंदन मेमोरियल अंतर-विद्यालय-सह-ओपन रोड रेस चैंपियनशिप
- 31 जनवरी 2027: तीसरी अजय-सुदेश मेमोरियल बिहार गोल्डन माइल रिले चैंपियनशिप
- 29–31 मार्च 2027: 27वीं मुजफ्फरपुर जिला अंतर-विद्यालय-सह-ओपन एथलेटिक्स चैंपियनशिप
संस्थान ने आयोजन में सहयोग के लिए बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, जिला प्रशासन, लंगट सिंह कॉलेज, नगर निगम, बिहार एथलेटिक्स संघ, जिला एथलेटिक्स संघ और सभी प्रायोजकों के प्रति आभार जताया।

Goltoo Singh Rajesh – डिजिटल पत्रकार
गोल्टू सिंह राजेश पिछले पाँच वर्षों से डिजिटल माध्यम में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत अपनी स्वयं की वेबसाइट पर समाचार प्रकाशित कर की। वर्तमान में वे डिजिटल पत्रकारिता के माध्यम से विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों और खेल-कूद से जुड़ी खबरों पर विशेष ध्यान देते हैं। मुज़फ़्फरपुर और आसपास के क्षेत्रों से संबंधित स्थानीय समाचारों को वे नियमित रूप से अपनी वेबसाइट और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा करते रहते हैं, तथा देश-विदेश की ब्रेकिंग और प्रमुख समाचारों को भी प्रकाशित करते हैं।

Comments are closed.