BRABU सिंडिकेट बैठक में कई बड़े फैसले: पीजी के नए सिलेबस को मंजूरी, IT सेल का गठन, डिग्री पर हिंदी नाम हटाने पर विवाद
July 14, 2026 | by Goltoo
Muzaffarpur 14 July : BRABU सिंडिकेट बैठक में पीजी नए सिलेबस को मंजूरी, IT सेल का गठन, डिग्री पर हिंदी नाम विवाद, चौथी मेरिट लिस्ट, इंटर्नशिप शुल्क और परीक्षा फॉर्म पर बड़े फैसले।
BRABU सिंडिकेट बैठक में कई बड़े फैसले
बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर बिहार विश्वविद्यालय (BRABU) की सिंडिकेट बैठक सोमवार को कुलपति प्रो. दिनेश चंद्र राय की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में छात्रों, शिक्षकों और विश्वविद्यालय प्रशासन से जुड़े कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। सिंडिकेट ने एकेडमिक काउंसिल से स्वीकृत पीजी के नए सिलेबस को मंजूरी दी। इसके साथ ही डिग्री पर हिंदी में नाम हटाने, संबद्ध कॉलेजों के शिक्षकों के TA/DA, विश्वविद्यालय में IT सेल के गठन, इंटर्नशिप शुल्क, छात्र शिकायतों और स्नातक नामांकन जैसे कई मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
डिग्री पर हिंदी नाम हटाने का विरोध, कुलपति ने बताया तकनीकी कारण
बैठक में डिग्री पर हिंदी में नाम नहीं छापे जाने का मुद्दा प्रमुखता से उठा। सिंडिकेट सदस्य प्रो. रमेश कुमार गुप्ता ने इसका विरोध करते हुए कहा कि हिंदी को डिग्री से हटाया जाना उचित नहीं है। इस पर कुलपति प्रो. दिनेश चंद्र राय ने कहा कि हिंदी नामों की वर्तनी में कई बार त्रुटियां हो जाती हैं, इसलिए तकनीकी कारणों से फिलहाल डिग्री अंग्रेजी में जारी की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इससे छात्रों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी। वहीं प्रो. शब्बीर अहमद ने सुझाव दिया कि विश्वविद्यालय ऐसा सॉफ्टवेयर विकसित करे, जिससे डिग्री पर हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में नाम मुद्रित किए जा सकें। हालांकि इस प्रस्ताव पर कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया।

कॉपी मूल्यांकन में TA/DA और रिटायरमेंट पर पेंशन का मुद्दा भी उठा
सिंडिकेट सदस्य प्रो. सत्येंद्र सिंह ‘टुनटुन’, प्रो. रमेश कुमार गुप्ता और प्रो. शब्बीर अहमद ने संबद्ध कॉलेजों के शिक्षकों को कॉपी मूल्यांकन के दौरान मिलने वाला TA/DA बंद किए जाने का मामला उठाया। उन्होंने कहा कि पहले यह सुविधा दी जाती थी, जबकि अन्य विश्वविद्यालयों में आज भी जारी है। जवाब में कुलपति ने कहा कि मूल्यांकन का पारिश्रमिक पहले की तुलना में बढ़ाया गया है, इसलिए अलग से TA/DA देना संभव नहीं है।
इसके अलावा प्रो. सत्येंद्र सिंह ने सेवानिवृत्ति के दिन ही पेंशन भुगतान सुनिश्चित करने की मांग रखी। कुलपति ने कहा कि यह व्यवस्था पहले से लागू है और जहां कहीं विलंब हो रहा है, उसे शीघ्र दूर किया जाएगा।
BRABU में IT सेल का गठन, डिजिटल व्यवस्था होगी मजबूत
बैठक में BRABU में IT सेल के गठन को भी मंजूरी दी गई। डॉ. सर्वेश दुबे को नोडल अधिकारी बनाया गया है। उनके साथ डॉ. देवेंद्र प्रताप तिवारी, डॉ. सुनील कुमार, डॉ. रोजी सुलोचना और डॉ. मनीष कुमार को सदस्य नामित किया गया है।
IT सेल विश्वविद्यालय की डिजिटल आधारभूत संरचना विकसित करने, नए सॉफ्टवेयर सिस्टम तैयार करने, सभी महत्वपूर्ण डेटा को क्लाउड पर सुरक्षित रखने, लंबित परिणामों को पोर्टल पर अपलोड करने तथा विश्वविद्यालय की वेबसाइट की साइबर सुरक्षा सुनिश्चित करने का कार्य करेगा।
इंटर्नशिप शुल्क, छात्र शिकायतें और चौथी मेरिट लिस्ट पर अपडेट
स्नातक छात्रों ने कॉलेजों में इंटर्नशिप के नाम पर एक हजार रुपये तक वसूले जाने की शिकायत राज्यपाल को ईमेल के माध्यम से भेजी है। हालांकि डीएसडब्ल्यू प्रो. आलोक प्रताप सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय को अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक शिकायत प्राप्त नहीं हुई है और इंटर्नशिप एजेंसी तय करने की जिम्मेदारी संबंधित कॉलेजों की थी।
सोमवार को आयोजित छात्र संवाद कार्यक्रम में कई शिकायतें सामने आईं। छात्र सलजीत कुमार ने बताया कि आवेदन देने के दस महीने बाद भी उन्हें डिग्री नहीं मिली है। इस पर परीक्षा नियंत्रक डॉ. रेनू बाला ने जल्द डिग्री उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। वहीं छात्र सत्यम कुमार ने मार्कशीट और ऑनलाइन रिजल्ट में अलग-अलग अंक दर्ज होने की शिकायत की, जिसकी जांच का भरोसा दिया गया।
32वीं राज्य स्तरीय Children’s Science Congress 2026 की तैयारी शुरू, वैशाली में शिक्षकों का प्रशिक्षण https://t.co/ZNI3WlWMc9 #hajipur pic.twitter.com/CQQv53Pvzs
— RAJESH GOLTOO (@GOLTOO) July 14, 2026
नामांकन प्रक्रिया को लेकर BRABU डीएसडब्ल्यू प्रो. आलोक प्रताप सिंह ने बताया कि करीब 40 हजार छात्रों के लिए चौथी मेरिट लिस्ट जल्द जारी की जाएगी। अब तक 96 हजार छात्र नामांकन ले चुके हैं, जबकि विश्वविद्यालय की 2.45 लाख सीटों पर प्रवेश होना है। ऑन-स्पॉट एडमिशन पर अभी कोई निर्णय नहीं हुआ है। साथ ही स्नातक सत्र 2025–29 के दूसरे सेमेस्टर का परीक्षा फॉर्म भरना शुरू हो गया है, जिसकी अंतिम तिथि 18 जुलाई निर्धारित की गई है।

Goltoo Singh Rajesh – डिजिटल पत्रकार
गोल्टू सिंह राजेश पिछले पाँच वर्षों से डिजिटल माध्यम में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत अपनी स्वयं की वेबसाइट पर समाचार प्रकाशित कर की। वर्तमान में वे डिजिटल पत्रकारिता के माध्यम से विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों और खेल-कूद से जुड़ी खबरों पर विशेष ध्यान देते हैं। मुज़फ़्फरपुर और आसपास के क्षेत्रों से संबंधित स्थानीय समाचारों को वे नियमित रूप से अपनी वेबसाइट और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा करते रहते हैं, तथा देश-विदेश की ब्रेकिंग और प्रमुख समाचारों को भी प्रकाशित करते हैं।
RELATED POSTS
View all