Muzaffarpur 2 November : मुजफ्फरपुर में बिहार स्टेट फिडे रेटिंग शतरंज चैंपियनशिप में प्रणीत सिन्हा ने राज्य चैंपियन विजय कुमार को हराया। छह खिलाड़ी चार अंकों के साथ शीर्ष पर हैं।
Muzaffarpur में बिहार स्टेट शतरंज चैंपियनशिप में प्रणीत सिन्हा का बड़ा उलटफेर, पूर्व चैंपियन विजय कुमार को हराया
बिहार स्टेट फिडे रेटिंग शतरंज चैंपियनशिप के तीसरे दिन Muzaffarpur के युवा खिलाड़ी प्रणीत सिन्हा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बड़ा उलटफेर किया। Muzaffarpur जिला शतरंज संघ और ऑल बिहार शतरंज संघ के संयुक्त तत्वावधान में चंद्रविला में आयोजित प्रतियोगिता के चौथे चक्र में प्रणीत ने पटना के वर्तमान राज्य चैंपियन विजय कुमार को पराजित कर दिया। इस जीत के साथ उन्होंने प्रतियोगिता में अपनी दावेदारी मजबूत कर ली।
चौथे चक्र में छठे बोर्ड पर खेले गए इस मुकाबले में विजय कुमार को अनुभव और रेटिंग के आधार पर मजबूत दावेदार माना जा रहा था। हालांकि, प्रणीत सिन्हा ने धैर्य, रणनीतिक समझ और बेहतर खेल कौशल का परिचय देते हुए बाजी अपने नाम कर ली। अपने से लगभग 140 रेटिंग अंक अधिक वाले खिलाड़ी को हराकर प्रणीत ने प्रतियोगिता में अपनी क्षमता साबित की। इस परिणाम से चैंपियनशिप की शीर्ष दौड़ और रोमांचक हो गई है।

प्रतियोगिता के चौथे चक्र में अन्य बोर्डों पर भी कई कड़े मुकाबले और उलटफेर देखने को मिले। पहले बोर्ड पर विपुल सुभाषी और पटना के रुपेश बी. रामचंद्रन के बीच लगभग 80 चालों तक संघर्ष चला। मुकाबले के दौरान रुपेश की 47वीं चाल में हुई गलती का फायदा उठाते हुए विपुल ने जीत दर्ज की। दूसरे बोर्ड पर बेगूसराय के किशन कुमार ने भागलपुर के शुभम कुमार को लगभग 65 चालों तक चले मुकाबले में पराजित किया। तीसरे बोर्ड पर विवेक शर्मा और मोहम्मद तबसीर आलम के बीच मुकाबला ड्रॉ रहा।
Bihar Sports Dialogue में जुटे खेल विशेषज्ञ, खिलाड़ियों के मानसिक स्वास्थ्य, फिटनेस, अनुशासन और नशामुक्ति में खेल की भूमिका पर हुई चर्चा #biharsportsdialogue #Muzaffarpur https://t.co/qhr5Vdg7kq https://t.co/GrP1dg96NB
— RAJESH GOLTOO (@GOLTOO) November 1, 2026
चौथे बोर्ड पर कॉमनवेल्थ गोल्ड चैंपियन पटना के देवांश केसरी ने अपने से लगभग 150 रेटिंग अंक अधिक वाले पियूष कुमार को हराकर एक और बड़ा उलटफेर किया। चार चक्रों की समाप्ति के बाद देवांश केसरी, किशन कुमार, सुधीर कुमार सिन्हा, भूपनाथ, विपुल सुभाषी और प्रणीत सिन्हा चार-चार अंकों के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष स्थान पर हैं। वहीं, विवेक शर्मा, मोहम्मद तबसीर आलम और प्रशांत कुमार सिन्हा 3.5 अंकों के साथ शीर्ष खिलाड़ियों को चुनौती दे रहे हैं। विजय कुमार तीन अंकों के साथ सूची में दसवें स्थान पर हैं।
नौवें चक्र के बाद मिलेगा बिहार का चैंपियन
इस प्रतियोगिता में कुल नौ चक्रों की बाजियां खेली जानी हैं। चार चक्र पूरे होने के बाद अभी पांच चक्र बाकी हैं। ऐसे में खिताब के लिए खिलाड़ियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा होने की संभावना है। मुजफ्फरपुर के प्रणीत सिन्हा के शानदार प्रदर्शन ने स्थानीय शतरंज प्रेमियों की उम्मीदें बढ़ा दी हैं। अब सभी की निगाहें आगामी मुकाबलों पर टिकी हैं, जिनके परिणाम से बिहार स्टेट फिडे रेटिंग शतरंज चैंपियनशिप की तस्वीर और स्पष्ट होगी।

Goltoo Singh Rajesh – डिजिटल पत्रकार
गोल्टू सिंह राजेश पिछले पाँच वर्षों से डिजिटल माध्यम में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत अपनी स्वयं की वेबसाइट पर समाचार प्रकाशित कर की। वर्तमान में वे डिजिटल पत्रकारिता के माध्यम से विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों और खेल-कूद से जुड़ी खबरों पर विशेष ध्यान देते हैं। मुज़फ़्फरपुर और आसपास के क्षेत्रों से संबंधित स्थानीय समाचारों को वे नियमित रूप से अपनी वेबसाइट और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा करते रहते हैं, तथा देश-विदेश की ब्रेकिंग और प्रमुख समाचारों को भी प्रकाशित करते हैं।

Comments are closed.