127वें स्थापना दिवस पर गौरव से गूंजा LS College, राष्ट्रीय शिक्षा नीति पर हुई विचार संगोष्ठी
July 3, 2026 | by Goltoo
Muzaffarpur 3 July : मुजफ्फरपुर के LS College में 127वां स्थापना दिवस समारोह धूमधाम से मनाया गया। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 पर संगोष्ठी में कुलपति प्रो. दिनेश चन्द्र राय ने शोध और नवाचार पर जोर दिया।
127वें स्थापना दिवस पर गौरव से गूंजा LS College
उत्तर बिहार के ऐतिहासिक एवं प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान LS College में शुक्रवार को 127वां स्थापना दिवस समारोह उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर आचार्य जे.बी. कृपलानी सभागार में भव्य समारोह के साथ ‘बिहार में शैक्षणिक एवं सामाजिक विकास को गति प्रदान करने में राष्ट्रीय शिक्षा नीति की भूमिका’ विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उच्च शिक्षा निदेशक, बीआरए बिहार विश्वविद्यालय के कुलपति, शिक्षाविदों, प्राध्यापकों तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।


कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन एवं महाविद्यालय परिसर में स्थापित महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण के साथ हुआ। स्वागत भाषण देते हुए महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. कनुप्रिया ने कहा कि लंगट सिंह कॉलेज की 127 वर्षों की गौरवशाली यात्रा शिक्षा के प्रति समर्पण, उत्कृष्ट परंपरा और निरंतर विकास का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि संस्थान का उद्देश्य केवल अपने गौरवशाली इतिहास का स्मरण करना नहीं, बल्कि भविष्य की चुनौतियों के अनुरूप विद्यार्थियों को तैयार करना भी है। उन्होंने पिछले एक वर्ष में कॉलेज की शैक्षणिक उपलब्धियों, खेल गतिविधियों तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों में हुई प्रगति का उल्लेख करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय के सहयोग और कुलपति के मार्गदर्शन से महाविद्यालय ने विकास की दिशा में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है।

मुख्य अतिथि एवं उच्च शिक्षा निदेशक प्रो. एन.के. अग्रवाल ने संगोष्ठी के मुख्य वक्ता के रूप में कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP 2020) केवल एक शैक्षणिक नीति नहीं, बल्कि युवाओं की रचनात्मक क्षमता, कौशल विकास और आत्मनिर्भरता को मजबूत करने वाला व्यापक दृष्टिकोण है। उन्होंने कहा कि यह नीति बिहार के शैक्षणिक एवं सामाजिक विकास को नई दिशा देने के साथ-साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और नवाचार आधारित शिक्षण व्यवस्था को भी गति प्रदान कर रही है।

बीआरए बिहार विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. दिनेश चन्द्र राय ने कहा— शोध, नवाचार और भारतीय ज्ञान परंपरा के पुनरुत्थान में अग्रणी बने लंगट सिंह कॉलेज
समारोह की अध्यक्षता करते हुए बीआरए बिहार विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. दिनेश चन्द्र राय ने महाविद्यालय के संस्थापक बाबू लंगट सिंह को श्रद्धापूर्वक नमन किया। उन्होंने कहा कि उनकी दूरदर्शी सोच के कारण आज LS College उत्तर बिहार के प्रमुख शैक्षणिक केंद्रों में अपनी विशिष्ट पहचान बनाए हुए है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि महाविद्यालय का स्वर्णिम इतिहास भविष्य में भी नई उपलब्धियों के साथ आगे बढ़ेगा। कुलपति ने महाविद्यालय परिवार से शिक्षा की गुणवत्ता, अनुसंधान और संस्थागत विकास के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया।

प्रो. राय ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में केवल डिग्रीधारी युवाओं का निर्माण पर्याप्त नहीं है, बल्कि वैश्विक स्तर के नवोन्मेषी, शोधकर्ता और विचारशील नागरिक तैयार करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 भारतीय ज्ञान परंपरा के पुनरुत्थान और औपनिवेशिक सोच से मुक्त शिक्षा व्यवस्था की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने लंगट सिंह कॉलेज से उच्च स्तरीय शोध, पेटेंट, नवाचार तथा स्थानीय कृषि, उद्योग और समाज से जुड़े अनुसंधानों में नेतृत्वकारी भूमिका निभाने का आग्रह किया। साथ ही विद्यार्थियों से बड़े सपने देखने, जिज्ञासु बनने और समाज, संस्थान तथा राष्ट्र के प्रति कर्तव्यनिष्ठ रहने का संदेश दिया।
LS College Muzaffarpur: 127वें स्थापना दिवस पर जानिए 1899 से शुरू हुई गौरवशाली विरासत और शिक्षा का स्वर्णिम इतिहास https://t.co/XaIpikwi2g #Muzaffarpur @LS_College @brabu_ac_in pic.twitter.com/7QvZXyT16V
— RAJESH GOLTOO (@GOLTOO) July 2, 2026

LS College के 127वें स्थापना दिवस के अवसर पर महाविद्यालय के स्नातकोत्तर(संगीत विभाग) के समस्त विद्यार्थियों ने दीपप्रज्वलन मंत्र, कुलगीत, राष्ट्रगान प्रस्तुत किया, जिसमें वादन में छोटू कुमार,भावेश, कुन्दन,गौतम,त्रिभुवन एवं मनोरंजन तथा गायन में देवेन्द्र कुमार यादव,शाश्वत श्याम,प्रियेश,रवि,विकास,अमरजीत,राजेश,स्वाती,कंचन, अनु,पूजा,रिता तथा सुनीति की भागीदारी रही। इस दौरान संगीत विभाग के समस्त विद्यार्थी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. शशिकांत पाण्डेय ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. राधा कुमारी ने प्रस्तुत किया। समारोह में प्रो. टी.के. डे, प्रो. एस.आर. चतुर्वेदी, डॉ. अनीता सिंह, प्रो. अमिता शर्मा, डॉ. अमर बहादुर शुक्ला, प्रो. प्रमोद कुमार, प्रो. राकेश कुमार, प्रो. शशि भूषण कुमार, प्रो. पुष्पा कुमारी, प्रो. शैलेंद्र सिन्हा, डॉ. संजय सिन्हा, डॉ. शर्तेंदु शेखर, डॉ. ऋतुराज कुमार, डॉ. नवीन कुमार, डॉ. राजीव कुमार, डॉ. रीमा कुमारी, डॉ. राजेश अनुपम, डॉ. संध्या कुमारी, डॉ. इम्तियाज, संजीव चौधरी सहित बड़ी संख्या में शिक्षाविद, प्राध्यापक, शोधार्थी एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

Goltoo Singh Rajesh – डिजिटल पत्रकार
गोल्टू सिंह राजेश पिछले पाँच वर्षों से डिजिटल माध्यम में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत अपनी स्वयं की वेबसाइट पर समाचार प्रकाशित कर की। वर्तमान में वे डिजिटल पत्रकारिता के माध्यम से विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों और खेल-कूद से जुड़ी खबरों पर विशेष ध्यान देते हैं। मुज़फ़्फरपुर और आसपास के क्षेत्रों से संबंधित स्थानीय समाचारों को वे नियमित रूप से अपनी वेबसाइट और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा करते रहते हैं, तथा देश-विदेश की ब्रेकिंग और प्रमुख समाचारों को भी प्रकाशित करते हैं।
RELATED POSTS
View all