www.goltoo.in

MDDM College में निर्वाचक साक्षरता एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, छात्राओं को मतदान के प्रति किया गया जागरूक

July 28, 2026 | by Goltoo

md212

Muzaffarpur 28 July : MDDM College, मुजफ्फरपुर में निर्वाचन साक्षरता एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित। डीपीआरओ लोकेश कुमार झा ने छात्राओं को जागरूक मतदाता बनने का संदेश दिया।

MDDM College में निर्वाचक साक्षरता एवं जागरूकता कार्यक्रम

महंत दर्शन दास महिला महाविद्यालय (MDDM College), मुजफ्फरपुर के निर्वाचन साक्षरता क्लब के तत्वावधान में मंगलवार को निर्वाचक साक्षरता एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में मतदान के अधिकार, मतदाता के कर्तव्यों एवं लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। इस अवसर पर जिला प्रशासन के अधिकारियों ने छात्राओं को जागरूक एवं जिम्मेदार मतदाता बनने का संदेश दिया।

MDDM College में निर्वाचक साक्षरता एवं जागरूकता कार्यक्रम
MDDM College में निर्वाचक साक्षरता एवं जागरूकता कार्यक्रम

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुजफ्फरपुर के जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी (डीपीआरओ) श्री लोकेश कुमार झा ने कहा कि “मतदाता ही राष्ट्र का निर्माता है। यदि मतदाता सही प्रतिनिधि का चुनाव करेगा, तभी देश सही दिशा में आगे बढ़ेगा और समग्र विकास संभव होगा।” उन्होंने लोकतंत्र को मजबूत बनाने में प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी को आवश्यक बताया।

MDDM College में निर्वाचक साक्षरता एवं जागरूकता कार्यक्रम
MDDM College में निर्वाचक साक्षरता एवं जागरूकता कार्यक्रम

उपनिर्वाचन पदाधिकारी श्री सत्यप्रिय कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि मतदाता की जागरूकता ही लोकतंत्र की आधारशिला है। उन्होंने सभी से अधिक से अधिक लोगों को मतदान के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। वहीं अवर निर्वाचन पदाधिकारी (पूर्वी मुजफ्फरपुर) ने मतदाता के अधिकारों एवं कर्तव्यों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए “मतदाता बनें और मतदाता बनाएं” का संदेश दिया। अवर निर्वाचन पदाधिकारी (पश्चिमी मुजफ्फरपुर) ने कार्यक्रम के दौरान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता की शुरुआत की, जिसमें छात्राओं एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

MDDM College

प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में दिव्यलता, निकिता, अक्षिता, अंशु, निशि, निधि, मुस्कान एवं अरिजीता सहित कई छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। वहीं राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की छात्राओं खुशी साक्षी राज, नीतू कुमारी, नम्रता और आलीशा समसी सहित अन्य प्रतिभागियों ने मतदाता जागरूकता विषय पर आकर्षक पोस्टर प्रस्तुत किए। एनसीसी की छात्राओं ने “मतदाता का महत्व” विषय पर प्रभावशाली नाटक प्रस्तुत कर लोकतंत्र में मतदान की भूमिका को जीवंत रूप से दर्शाया, जिसे उपस्थित सभी लोगों ने सराहा।

कार्यक्रम के दौरान निर्वाचन साक्षरता क्लब के लिए महाविद्यालय के गणित विभागाध्यक्ष डॉ. माला को नोडल अधिकारी तथा कार्यकारिणी समिति में डॉ. रिंकू कुमारी एवं डॉ. प्रियम फ्रांसिस को शामिल किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ, शॉल एवं पौधा भेंट कर किया गया। संगीत विभाग की छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. कुमारी सरोज ने की, मंच संचालन डॉ. रिंकू कुमारी तथा धन्यवाद ज्ञापन डॉ. माला ने किया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षक, शिक्षकेत्तर कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।

RELATED POSTS

View all

view all