www.goltoo.in

B.R.A. Bihar University ने बीएड कॉलेजों को पारदर्शिता और शैक्षणिक गुणवत्ता बनाए रखने का दिया निर्देश

September 2, 2025 | by Goltoo

goltoo – 2025-09-02T202012.899

Muzaffarpur 2 September : B.R.A. Bihar University सीनेट हाल में आयोजित बैठक में कुलपति प्रो. दिनेश चंद्र राय ने कहा कि बीएड कॉलेज भावी शिक्षकों को तैयार करने का महत्वपूर्ण केंद्र हैं। विश्वविद्यालय ने सभी कॉलेजों से 15 दिनों के भीतर शैक्षणिक और आर्थिक डाटा जमा करने को कहा है। समय पर डाटा नहीं देने वाले कॉलेजों की संबद्धता पर संकट आ सकता है।

B.R.A. Bihar University कुलपति प्रो. दिनेश चंद्र राय

B.R.A. Bihar University  कुलपति प्रो. दिनेश चंद्र राय

B.R.A. Bihar University से संबद्धता प्राप्त बीएड कॉलेज के सचिवों और प्राचार्यों की सीनेट हाल में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए कुलपति प्रो दिनेश चंद्र राय ने कहा कि बीएड कॉलेज विश्वविद्यालय का महत्वपूर्ण अंग है जो भावी शिक्षकों को शिक्षण के लिए आवश्यक सैद्धांतिक ज्ञान, व्यवहारिक कौशल और व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान करता है। शैक्षणिक गुणवत्ता और आर्थिक पारदर्शिता बरकरार रहे इसके लिए सभी बीएड कॉलेजों को शैक्षणिक और आर्थिक डाटा उपलब्ध कराना होगा।

शिकायत मिल रही है कि कुछ कॉलेजों द्वारा अध्यापन कार्य में शिथिलता बरती जा रही है। कुछ ही शिक्षकों से अध्यापन कार्य कराया जा रहा है। कुछ कॉलेजों द्वारा छात्रों से आर्थिक दोहन भी किया जा रहा है। विश्वविद्यालय प्रशासन इसे कतई बर्दाश्त नहीं करेगा। विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा जिन पांच बिंदुओं पर डाटा की मांग की गई है उसे पन्द्रह दिनों के अंदर अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराना होगा। सभी जानकारी सॉफ्ट और हार्ड कॉपी में देनी है। ससमय डाटा उपलब्ध नहीं कराने पर कॉलेज का संबंधन खतरे में पड़ सकता है।
विषय प्रवेश कराते हुए कॉलेज इंस्पेक्टर डॉ राजीव कुमार ने कहा कि सभी कॉलेजों को डॉक्यूमेंट के साथ टीचर लिस्ट उपलब्ध कराने हैं।

Bihar University

इसके साथ कैश बुक और ऑडिट रिपोर्ट भी जमा कराने होंगे। वर्ग संचालन की स्थिति, 2025 -27 में नामांकित छात्रों की सूची एवं क्लास रूटीन पन्द्रह दिनों के अंदर विश्वविद्यालय में जमा करने होंगे।

शिक्षकों का चयन विश्वविद्यालय चयन समिति द्वारा केंद्रीयकृत व्यवस्था के तहत की जाएगी। यहीं से चयनित शिक्षकों का पैनल कॉलेजों को उपलब्ध कराया जाएगा।
प्रॉक्टर डॉ बीएस राय ने कहा कि सभी बीएड कॉलेजों को विश्वविद्यालय को ससमय डाटा उपलब्ध करा देना चाहिए। शिक्षण व्यवस्था में सुधार हो तथा छात्रों की शिकायतों का निपटारा कॉलेज स्तर पर त्वरित हो। बीएड कॉलेजों की गरिमा और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए एनसीटीई ने जो मानक तय किए हैं उसका पालन शत प्रतिशत हो अन्यथा कॉलेज की मान्यता रद्द की जा सकती है। विश्वविद्यालय इस पर लगातार निगरानी रखेगा।

कुलसचिव डॉ समीर कुमार शर्मा ने कहा कि विश्वविद्यालय के निर्देश पर बुलाए गए मीटिंग में जो कॉलेज सम्मिलित नहीं हुए हैं उन्हें कुलपति के आदेशानुसार शो काज किया जाएगा। विश्वविद्यालय में शुचिता और पारदर्शिता के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा। सभी कॉलेजों से अपेक्षा है कि शैक्षणिक और पारदर्शी माहौल बनाने की दिशा में विश्वविद्यालय को सहयोग करें।

मीटिंग में परीक्षा नियंत्रक डॉ रामकुमार, सीसीडीसी डॉ टी के डे, कॉलेज इंस्पेक्टर साइंस डॉ अरविंद कुमार आदि ने अपने विचार रखे।

बीएड कॉलेज के सचिव और प्राचार्य ने भी कॉलेज की समस्या को रखा। विश्वविद्यालय प्रशासन ने भरोसा दिया कि किसी भी तरह की समस्या का निपटारा जल्द से जल्द किया जाएगा।
मौके पर भारती शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय, आभा टीचर ट्रेनिंग इंस्टिट्यूट, एलएन मिश्रा कॉलेज, वसुंधरा टीचर ट्रेनिंग कॉलेज समेत बयालिस कॉलेज के सचिव और प्राचार्य उपस्थित रहे।

RELATED POSTS

View all

view all